कमिश्नर अनिल ढींगरा ने मंगलवार को डीएम दीपक मीणा के साथ महायोगी गुरु गोरक्षनाथ आयुष विश्वविद्यालय, भटहट का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन ऑडिटोरियम निर्माण की धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारियों पर जमकर भड़के।
उन्होंने कहा कि दो बार समय सीमा बढ़ाई जा चुकी है, अब कितनी बार समय लोगे। मई तक पूरा करने का अंतिम अवसर देते हुए कहा कि अगर अब विलंब हुआ तो कार्यदायी फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे और ब्लैक लिस्ट में डाला जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. के. रामचन्द्र रेड्डी ने कहा कि अभी बहुत सारा काम बाकी है। 60 फीसदी ही कराया गया है। विद्युत आपूर्ति, ब्वायज हास्टल, गर्ल्स हास्टल, लिफ्ट, पाथ-वे के पास बनी नाली पर कवर लगाने, मलबा हटाने, एडमिन बिल्डिंग में हुए टूट-फूट को ठीक कराने, माेर्चेरी और गेस्ट हाउस के कार्य अपूर्ण हैं।
कमिश्नर ने कार्यदायी संस्था व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि सारे कार्य जल्द से जल्द पूरा कराएं। छात्रावास को ठीक कराते हुए 24 घंटे के अंदर उसे पूरी तरह क्रियाशील कराएं।