होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर शहर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 25 से 27 अप्रैल तक होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में 24 केंद्र बनाए गए हैं। प्रतिदिन करीब 20 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते शहर में भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ने के आसार हैं।
इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न तीन बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की गई है।
रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जहां बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को व्यवस्थित ढंग से रखा जाएगा। प्लेटफाॅर्म पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों और बस स्टेशन के आसपास भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
भीड़ नियंत्रण और यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीमें तैनात रहेंगी। हर केंद्र पर निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
शुक्रवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए डॉ. एस चनप्पा ने शहर के विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था और मॉनिटरिंग सिस्टम की समीक्षा की। बाद में अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने परीक्षा को निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।