गोरखपुर। जिले में अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तीन आरोपियों को दुराचारी घोषित करते हुए उनकी हिस्ट्रीशीट खोली है। बेलघाट, गीडा और सहजनवां थानों के एक-एक आरोपी को उनके आपराधिक इतिहास के आधार पर ‘ख’ श्रेणी में दर्ज किया गया है। पुलिस अब इनके आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखेगी। पुलिस के अनुसार, बेलघाट थाना क्षेत्र के छितौनी बुजुर्ग निवासी करन के खिलाफ बेलघाट और बांसगांव थानों में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, धोखाधड़ी, कूटरचना, शस्त्र अधिनियम और मारपीट से संबंधित मामले शामिल हैं। इसी तरह, गीडा थाना क्षेत्र के भिलौरा खुर्द निवासी अमित के खिलाफ चोरी और चोरी के सामान से संबंधित तीन मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ गीडा थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए हिस्ट्रीशीट खोली है।जबकि, तीसरा आरोपी सहजनवां थाना क्षेत्र के टड़वा खुर्द निवासी परविन्दर उर्फ प्रवीन उर्फ प्रविन्द्र है। उसके खिलाफ सहजनवां समेत जिले के विभिन्न थानों और संतकबीरनगर में कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें चोरी, लूट, धोखाधड़ी, हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।