तीन दिन से बीआरडी के लेबर रूम में भर्ती थी महिला, बृहस्पतिवार की रात पुलिस से मांगी थी सहयोग
अमर उजाला ब्यूरो
गुलरिहा। मेडिकल कॉलेज में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई खजनी थाना क्षेत्र के पलहीपार बाबू निवासी अमित कुमार की 26 वर्षीय पत्नी पिंकी कुमारी के शिशु की पेट में ही मौत हो गई थी। शुक्रवार सुबह मृत बच्चे को पेट से निकाला गया। महिला की हालत अब ठीक है और उसे वार्ड 7 में बेड नंबर 44 पर भर्ती कराया गया है।
गर्भवती पिंकी को सोमवार की रात पेट में दर्द होने पर परिजन जिला अस्पताल ले आए थे। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया था। मंगलवार की भोर में 4 बजे मेडिकल काॅलेज के लेबर रूम में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा पेट में ही मर चुका है। परिजन का आरोप था कि डॉक्टर उसी दिन से कह रहे थे कि इसे सामान्य प्रसव के जरिए निकाल दिया जाएगा। लेकिन, तीन दिन बीत जाने के बाद भी बच्चा नहीं निकला तो बृहस्पतिवार की रात लगभग 8 बजे परिजन महिला हेल्प लाइन 181 व डायल 112 नम्बर पर सूचना दे दिए। पुलिस कंट्रोल रूम से मेडिकल चौकी की पुलिस को सूचना दी गई थी। विभागाध्यक्ष डॉ. रूमा सरकार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सामान्य प्रसव से मृत बच्चे को निकाल दिया गया। महिला की हालत ठीक है।