क्षेत्र के मटिहनिया जुनीबी गांव निवासी युवक एक माह पहले कंबोडिया कमाने गया तो आरोप है कि उससे साइबर अपराध कराया जाने लगा। जब उसने घर जाने की जिद की तो उसे बंधक बना लिया गया। आरोप है कि विदेश से लाने के लिए युवक के पिता से 27 लाख रुपये की मांग की गई है।
पिता ने युवक के साले के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, मटिहनिया जुनीबी गांव निवासी अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि उनका पुत्र राम प्रताप एक माह पहले कंबोडिया कमाने के लिए गया था। वहां उसे जालसाजों ने साइबर अपराधी बना दिया।
अब उसे वापस भारत भेजने के लिए 27 लाख रुपये की मांग की जा रही है। बताया कि बेटे के रिश्तेदारी के साले ने बिहार के एजेंट के जरिये कंबोडिया भिजवाया था। बेटे ने घर जाने कंबोडिया भेजने वाले साले को फोन कर बताया तो उसे वहां बंधक बना लिया गया।
इसके बाद साले ने फोन कर वापसी के लिए 21 हजार रुपये ले लिए। दो दिन पहले राम प्रताप के ठहरने व खाने आदि के खर्च के नाम पर फोन करके 27 लाख रुपये की मांग की। इस संबंध में पिपराइच थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि मामला युवक के रिश्तेदारी से जुड़ा है।
जांच करने पर पता चला है कि कंबोडिया जाने वाले युवक को उसके साले ने ही भिजवाया था। युवक अभी विदेश में है। पिता ने युवक के रिश्तेदार को आरोपी बनाते हुए तहरीर दी है। जांच की जा रही है।