नगर निगम कर्मचारियों को समाजसेवी संस्था द्वारा नि : शुल्क बाँटने के लिये आया था हेलमेट और जैकेट
समाजसेवा के काम में भी बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई। नगर निगम परिसर में सोमवार को सफाईकर्मियों को बांटने के लिए एक संस्था की ओर से बांटने के लिए लाए गए हेलमेट और लाइफ जैकेट के लिए लूट मच गई। धक्का-मुक्की के बीच वितरण करने आए लोगों के हाथ से लोगों ने हेलमेट व जैकेट छीनना शुरू कर दिया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी, डाक कर्मचारी भी पीछे नहीं रहे। संस्था के लोग किसी तरह जान छुड़ाकर वहां से भागे।
दरअसल, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सड़क स्वच्छता एवं सड़क सुरक्षा थीम पर सोमवार को जनजागरूकता रैली निकलनी थी। मेयर डा मंगलेश श्रीवास्तव इसे हरी झंडी दिखाकर हेलमेट और सुरक्षा जैकेट बांटने वाले थे। मेयर देर से आए और इस बीच बहुत सारे लोग जुट गए।
एक-दो लोगों ने हेलमेट उठाना शुरू किया तो इसके बाद लोग टूट पड़े। सहायक नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि हेलमेट व सुरक्षा जैकेट वितरण में लूटमार की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो पता कराकर कार्रवाई की संस्तुति करेंगे।