उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष ने जीएसटी कमिश्नर से मुलाकात नोटिस संबंधी दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने जीएसटी कमिश्नर ग्रेड वन विमल कुमार राय से मुलाकात की। उन्होंने विभाग द्वारा वर्ष 2017-18 की भेजी जा रही नोटिस की जानकारी देते हुए कहा कि विभाग द्वारा व्यापारियों और उद्यमियों को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
मंगलवार को पीडी जैन के नेतृत्व में उद्यमियों और व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल जीएसटी कमिश्नर से मिला। इस दौरान व्यापारियों ने जीएसटी कमिश्नर को बताया कि जीएसटी लागू किए जाने के समय विभाग की तरफ से कहा गया था कि वैट और जीएसटी में बदलाव को लेकर व्यापारियों को कोई परेशानी नहीं होगी। लेकिन, इस समय विभाग द्वारा 2017-18 संबंधी नोटिस भेज कर सवाल पूछे जा रहे हैं। जीएसटी कमिश्नर ने व्यापारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि आप लोग निर्भीक होकर अपना व्यापार करें। किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होगा। उन्होंने कहा कि 2017-18 संबंधी नोटिस को लेकर परेशान नहीं किया जाएगा। इस संबंध में सभी अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। इस दौरान चेंबर आफ इंडस्ट्रीज गीडा के अध्यक्ष आरएन सिंह, भोला जायसवाल, दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष योगेंद्र दुबे, महामंत्री आलोक चौरसिया, चेंबर आफ ट्रेडर्स साहबगंज के संरक्षक मनीष चांदवासियां, अध्यक्ष अनूप किशोर अग्रवाल तथा महामंत्री कमलेश अग्रवाल शामिल रहे।