- रिश्तेदार ने पीजीआई में नौकरी दिलाने का दिया था झांसा
- शाहपुर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के सरस्वतीपुरम निवासी महिला के रिश्तेदार ने पीजीआई में नर्स की नौकरी दिलवाने के नाम पर 6.50 लाख रुपये हड़प लिए। नौकरी नहीं मिलने पर रुपये मांगे तो जान से मारने की धमकी देने लगा। शुक्रवार को एसएसपी के आदेश पर शाहपुर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सरस्वतीपुरम काॅलोनी निवासी साधना प्रजापति ने तहरीर में लिखा है कि मऊ जनपद के ग्राम हनीबुल्लाह भिसवा निवासी सोमदत्त प्रजापति चचेरी बहन के देवर हैं, जो भरोसे में लेकर पीजीआई लखनऊ में संविदा पर नर्स की नौकरी दिलवाने के लिए एक साल पहले अपने खाते में 6.50 लाख रुपये जमा करा लिए।
छह महीने बाद नौकरी नहीं मिलने पर रुपये की मांग की तो धमकी देने लगे। कई बार निवेदन करने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए। मार्च में विधिक नोटिस भी दिया, उसके बाद भी आरोपी ने रुपये नहीं वापस किए। जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत की तो उनके आदेश पर पुलिस केस दर्ज कर लिया।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।