दो महीने से मानदेय नहीं मिलने से नाराज कर्मचारी एक सप्ताह से कर रहे प्रदर्शन
सोमवार को वीसी कार्यालय परिसर में कूड़ा गिराकर किया था प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मानदेय नहीं मिलने से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल एक सप्ताह बाद भी जारी है। बुधवार को सफाईकर्मियों ने विवि के नियंता से मुलाकात कर मानदेय दिलाने का गुहार लगाई। नियंता ने उनसे काम पर वापस आने को कहा तो वह लिखित आश्वासन पर अड़ गए और काम करने से मना कर दिया।
गोरखपुर विश्वविद्यालय में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों और सफाईकर्मियों का भुगतान लंबे समय से नियमित नहीं हो पा रहा है। सफाईकर्मियों के मुताबिक करीब 80 आउटसोर्सिंग कर्मचारी तैनात हैं। सभी को 5,700 रुपये मानदेय के रूप में मिलते हैं। आरोप लगाया कि पीएफ की कटौती भी नहीं होती है। पिछली बार प्रदर्शन के दौरान कहा गया था कि अब हर महीने की 7 तारीख तक खाते में पैसा चला जाएगा। लेकिन अप्रैल और मई के मानदेय का भुगतान अभी तक नहीं हो सका। सफाइकर्मियों ने सोमवार को प्रशासनिक भवन पर कूड़ा गिराकर प्रदर्शन किया था। इसी कड़ी में उन्होंने बुधवार को नियंता से मिलकर मदद की गुहार लगाई।