हुक्का बार की आड़ में देह व्यापार कराने वाले गिरोह के मामले में बुधवार को बेतियाहाता की युवती ने कोर्ट के सामने बयान दर्ज कराया। इस मामले में देह व्यापार कराने के आरोपियों पर शाहपुर पुलिस ने बीएनएस की मानव तस्करी की धारा भी बढ़ा दी है। सरगना अनुरुद्ध ओझा के साथ अब उसकी पत्नी रूचि भी इस मामले में उलझती जा रही है।
शाहपुर थाने में बीते रविवार को बेतियाहाता की युवती ने जबरन देह व्यापार कराने का आरोप लगाते हुए हुक्का बार संचालक अनिरुद्ध ओझा, उसकी पत्नी रूचि और फ्लाइ-इन होटल के मालिक अनुराग सिंह पर केस दर्ज कराया था।
पुलिस के अनुसार, कोर्ट के सामने पेश होकर पीड़िता ने आरोपियों की करतूत के बारे में खुलकर बताया। अपने साथ हुए अत्याचार की बात बताते हुए वह रोने लगी। पीड़िता के बयान के बाद अब जेल में बंद आरोपियों पर शिकंजा और कसेगा। पुलिस इस गिरोह पर अब गैंगस्टर एक्ट लगाने की भी तैयारी में है। आरोपियों को जल्द जमानत न मिले, इसके लिए पुलिस अपनी तरफ से भी मजबूत साक्ष्य एकत्रित कर रही है।
15 और नए नाम पुलिस के रडार पर
इस मामले में अभी तक शाहपुर और रामगढ़ताल थाने की पुलिस 14 आरोपियों को जेल भिजवा चुकी है। इसके अलावा चार होटलों के मालिक और कर्मचारियों समेत छह के खिलाफ भी पुलिस को साक्ष्य मिले हैं। बहुत जल्द इनके ऊपर भी केस दर्ज हो जाएगा।
इस मामले की जांच कैंट और गोरखनाथ सीओ को मिली है। बताया जा रहा है कि आरोपियों की सूची में अभी 15 और नए नाम शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस अभी जांच कर साक्ष्य एकत्रित कर रही है।
यह है मामला
शाहपुर स्थित हुक्का बार में तीन किशोरियों से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। तीनों किशोरियों ने केस दर्ज कराया। जांच शुरू हुई तो देह व्यापार का मामला भी सामने आ गया। पहला केस रामगढ़ताल इलाके की किशोरी ने दो जनवरी को रामगढ़ताल थाने में दर्ज कराया।
इसके बाद शाहपुर थाने में कैंपियरगंज की किशोरी ने दस जनवरी और देवरिया की किशोरी ने 13 जनवरी को केस दर्ज कराया। नौ फरवरी को शाहपुर थाने में बेतियाहाता की युवती ने केस दर्ज कराया है।
देह व्यापार मामले की जांच कैंट और गोरखनाथ सीओ को सौंपी गई है। जांच कर गिरोह से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर दोषियों पर कार्रवाई की जा रही है। बेतियाहाता की पीड़िता का बयान कोर्ट के समक्ष करा दिया गया है:
अभिनव त्यागी, एसपी सिटी