गगहा ब्लाइंड मर्डर में रविवार को युवती का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया गया। दो डॉक्टरों की टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम का वीडियो रिकार्डिंग भी कराया गया। इस दौरान मौत का कारण स्पष्ट न होने की वजह से डॉक्टरों ने विसरा प्रिजर्व कर लिया। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए स्वायब भी प्रिजर्व किया गया।
साथ ही युवती के अंगूठे, बाल और शरीर के मांस के टुकड़े से डीएनए टेस्ट की तैयारी चल रही है। पोस्टमार्टम कर रहे कर्मियों ने बताया कि युवती के सीने के ऊपर का हिस्सा का चिथड़ा उड़ गया है। इस वजह से पोस्टमार्टम करने में काफी परेशानी हुई।
वहीं, मौत का कारण पता नहीं चलने के कारण पुलिस को भी निराशा हाथ लगी है। एसपी दक्षिणी ने बताया कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों से मिलकर उनके अनुभव के आधार और जानकारी जुटाई जाएगी। वे इस मौत को किस तरह देख रहे हैं, उनका फीडबैक लिया जाएगा।
फाॅरेंसिक रिपोर्ट पर आगे बढ़ेगी जांच
फॉरेंसिक जांच में जो रिपोर्ट आई है, इसके अनुसार हत्या के बाद शव को किसी वाहन से कुचल दिया गया है। आरोपियों ने ऐसा इसलिए किया कि युवती की पहचान न हो सके। इसके बाद शव लाकर हाईवे किनारे सिलनी पुलिया के पास फेंक दिया। इसको आधार मानकर पुलिस जांच पड़ताल आगे बढ़ा रही है।
तीन सौ गाड़ियों के मालिक से हो चुकी पूछताछ
बुधवार की रात 1800 गाड़ियां घटनास्थल वाले मार्ग से गुजरी है। इसमें पूर्वांचल, पश्चिम उत्तर प्रदेश और अन्य प्रदेशों की गाड़ियों की सूची तैयार की है। पुलिस ने इसमें से पूर्वांचल की 1200 गाड़ियों के नंबर अलग किए हैं। इसमें से भी करीब 800 गाड़ियों के नंबर गोरखपुर के हैं।
अभी तक तीन सौ से अधिक गाड़ियों के मालिकों से पुलिस ने पूछताछ की गई है। 10 सवाल तैयार कर, इसके जवाब उनसे लेकर नोट किए जा रहे हैं। गोरखपुर से लगायत बड़हलगंज तक किराए पर अकेले रहने वाली युवतियों के बारे भी जानकारी जुटाई गई। कहीं पर कोई लापता नहीं मिला है।
छह फरवरी को फेंका मिला था शव
छह फरवरी बृहस्पतिवार सुबह गगहा के भलुवान के सिलनी पुल के पास हाईवे किनारे 24 वर्षीय युवती का अर्धनग्न अवस्था में शव मिला था। कंधे से ऊपर का हिस्सा व सिर बुरी तरह से कूच दिया गया था। बायां हाथ शव के बगल में कटा हुआ रखा था। इसमें नारियल के खुज्जे की रस्सी बंधी थी। सुबह करीब 8:15 बजे शव देखकर एक राहगीर ने गगहा पुलिस को सूचना दी।