फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिवाली 2023 : रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग हुई गोरक्षनगरी, खूब छूटे पटाखे

Mon, 13 Nov 2023 07:14 AM IST
vivek shukla संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर।

सार

दिवाली के दिन फूलों का बाजार गर्म रहा। कमल के फूल 40 से 50 रुपये के बीच बिके। गेंदा के फूलों की माला 20 से 25 रुपये के बीच बिकी। घरों को सजाने के लिए बनावटी फूलों और सजावट की दुकानों पर भी भीड़ दिखी।
विज्ञापन
diwali 2023 - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अंधेरे पर उजाले की जीत का प्रतीक पर्व दिवाली रविवार को धूमधाम से मनाया गया। दीपों की सुंदर कतार और टिमटिमाती-जगमगाती रंग-बिरंगी रोशनी से घर-गली, मुहल्ले और सड़कें रोशन रही। गोरक्षनगरी का हर कोना रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा गया। देर रात तक उत्सव और उमंग का माहौल रहा। बधाई और शुभकामनाएं देने लेने का सिलसिला सुबह से देर रात तक चलता रहा।

 

रविवार को दिन भर की साफ-सफाई के बाद शाम ढलते ही शुभ मुहूर्त में घरों और प्रतिष्ठानों में समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी और शुभ के देवता भगवान गणेश का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद शुरू हुआ दीये को सजाने का सिलसिला, जो देर शाम तक चलता रहा।

पटाखों की गूंज दोपहर बाद से ही सुनाई देने लगी, पूजन के बाद इसमें तेजी आ गई। घरों के साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी बिजली की रंग-बिरंगी लड़ियों से सजाया गया था। व्यावसायिक स्थलों में सुबह से देर रात तक पूजा-पाठ का कार्यक्रम चलता रहा। उधर, घरों में सुबह से ही लजीज पकवान बनाने का सिलसिला शुरू हो गया था।

 

फूलों और सजावट की दुकानों पर रही भीड़

दिवाली के दिन फूलों का बाजार गर्म रहा। कमल के फूल 40 से 50 रुपये के बीच बिके। गेंदा के फूलों की माला 20 से 25 रुपये के बीच बिकी। घरों को सजाने के लिए बनावटी फूलों और सजावट की दुकानों पर भी भीड़ दिखी। दिवाली पर फूलों और रंगोली से घर की सजावट मनमोहक रही। रंगोली सजाने में लोगों ने तरह-तरह के प्रयोग किए। कुछ ने रंग-बिरंगे फूलों से अपनी चौखट को सजाया तो कुछ ने रंगोली के माध्यम से मां लक्ष्मी और गणेश की आकृति बनाई ।

 

 

सोशल मीडिया पर चला बधाइयों का सिलसिला

दिवाली पर सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला सुबह से देर रात तक चलता रहा। जो लोग एक-दूसरे से नहीं मिल सके उन्होंने फोन पर ही लोगों को बधाई दी।

 

पंडालों में हुई मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना

महालक्ष्मी पूजा समितियों की ओर से मनाए जा रहे उत्सव के तहत विभिन्न जगहों पर पंडालों में मां लक्ष्मी की प्रतिमा की स्थापना की गई है। दिवाली के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचे और पूजन-अर्चन कर मंगलकामना की। पूजन पंडाल सतरंगी रोशनी से नहाए नजर आए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें