गोरक्षनगरी को मिली राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी
दो और तीन मार्च को रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। राज्यस्तरीय आमंत्रण सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी गोरखपुर को मिली है। रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो और तीन मार्च को इसका आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडल, स्पोर्ट्स कॉलेज और हॉस्टल के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन पुरुष और महिला दोनों वर्ग में किया जाएगा। गोरखपुर में इसको लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसको देखते हुए खेल विभाग ने विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।
आरएसओ आले हैदर ने बताया कि प्रतियोगिता में टीमों को भेजने के लिए विभिन्न मंडलों के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी और स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य को पत्र भेजा गया है। पुरुष और महिला दोनों टीमों में 14 खिलाड़ी होंगे। एक मार्च तक सभी टीमें गोरखपुर पहुंच जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
दो दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500 मीटर दौड़, 110 मीटर हर्डिल, 2000 मीटर स्टिपल चेस, ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉटपुट, ट्रिपल जंप, डिस्कस थ्रो और जैवलिन थ्रो इवेंट आयोजित होेंगे। महिला वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500, 3000 मीटर दौड़, 100 मीटर हर्डिल, ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉटपुट, ट्रिपल जंप, डिस्कस थ्रो और जैवलिन थ्रो का आयोजन होगा।