गोरखपुर। तेलंगाना फुटबाल एसोसिएशन की ओर से बीसी राय चैंपियंस फुटबॉल ट्रॉफी के लिए गोरखपुर मंडल से महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के छात्र सुहेल और आलोक का चयन हुआ था। दोनों छात्रों ने गोरखपुर का नाम रोशन करते हुए चैंपियनशिप का विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई।
बीसी राय फुटबाल चैंपियनशिप का आयोजन असम के नूरुल अमीन स्टेडियम नागौन में हुआ था। तेलंगाना की जूनियर वर्ग की टीम ने अपने सभी प्रतिद्वंदी टीमों को पराजित करते हुए फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला 11 अगस्त को तेलंगाना और मणिपुर के बीच हुआ। मैच के फर्स्ट हाफ में मणिपुर की टीम ने एक गोल किया। जवाब में मैच के सेकंड हाफ में तेलंगाना टीम के स्ट्राइकर सोहेल शेख ने गोल मारकर मैच को ड्रा कर दिया। अतिरिक्त समय में भी दोनों टीमें कोई स्कोर नहीं कर पाई। पेनल्टी शूटआउट में तेलंगाना की टीम विजेता रही।
टूर्नामेंट के बेस्ट गोलकीपर का खिताब आलोक निषाद व बेस्ट स्ट्राइकर सोहेल शेख को घोषित किया गया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर सप्तम मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश कुमार सिंह, डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह, क्रीड़ाध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, अक्षय लाल, हरीशचंद्र यादव, अरविंद कुमार सिंह, फुटबॉल कोच संतोष कुमार सिंह आदि ने शुभकामनाएं दीं।