पार्सल और माल ढुलाई को दोगुना करें : रेल राज्यमंत्री
एनईआर में 90 फीसदी स्क्रैप की बिक्री : महाप्रबंधक
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रेल राज्यमंत्री सुरेश सी अंगड़ी ने बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उद्यमियों से संपर्क कर रेलवे से माल ढुलाई के लिए प्रेरित करें। आत्मनिर्भर बनने के लिए पिछले वर्ष की तुलना में पार्सल और माल ढुलाई को दोगुना करना होगा।
रेल राज्यमंत्री ने रेलवे की आय बढ़ाने पर जोर देते हुए अधिकारियों से चल रही योजनाओं और विकास कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी ने बताया कि स्क्रैप निस्तारण, पार्सल और मालभाड़ा से आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गोरखपुर में 90 फीसद स्क्रैप की बिक्री बढ़ी है। विद्युतीकरण भी तेजी के साथ हो रहा है। डीजल खपत में 85 फीसद की कमी आई है। कारखाने में 95 पुराने कोचों को मालगाड़ी के वैगनों में बदलने का लक्ष्य रखा गया है। माल लोडिंग में पिछले साल की तुलना इस वर्ष सितंबर के प्रथम सप्ताह में भारतीय रेलवे स्तर पर पूर्वोत्तर रेलवे प्रथम स्थान पर रहा है। माल गोदामों व पार्सल घरों का विकास किया जा रहा है। बैठक में अपर महाप्रबंधक अमित कुमार अग्रवाल सहित समस्त विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद थे।