अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गीडा इलाके के तेनुआ टोल प्लाजा के पास रविवार की देर रात पुलिस ने उन्नाव के पांच युवकों को 8.19 लाख रुपए के साथ पकड़ लिया। चेकिंग के दौरान संतोषजनक जवाब न दे पाने पर पुलिस ने रकम को जब्त कर इनकम टैक्स विभाग को सूचना दी है। नाम, पता नोट करने के बाद युवकों को पुलिस ने छोड़ दिया है उधर इनकम टैक्स विभाग मामले की जांच शुरू कर दिया है।
युवकों की पहचान उन्नाव जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित रामनगर निवासी गुड्डू उर्फ वसीम, पहली खेड़ा निवासी प्रदीप, फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के हुसैननगर निवासी सहनवाज, आसीवन के छता खेड़ा निवासी राहुल यादव और चौधराना किला निवासी शम्स के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, गिड़ा पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी इसी दौरान एक वाहन में पांच युवक संदिग्ध हाल में मिले जिनकी जांच के दौरान उनके पास से नकदी बरामद हो गई। रुपए के बारे में सही जवाब न दे पाने पर पुलिस को संदेह हो गया और रुपए को जप्त कर इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी गई है। सीओ कैंपियरगंज दिनेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक निर्धारित राशि से अधिक नकद रुपये रखने के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। जिसकी वजह से पुलिस ने रुपये जब्त कर इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी है। हिरासत में लिए गए युवकों का नाम, पता तस्दीक होने के बाद गाड़ी समेत मुचलके पर छोड़ दिया गया।