गोरखपुर। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया के संयोजकत्व में रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 70वीं मंडल स्तरीय विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता में गोरखपुर के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग में ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने किया। गोरखपुर मंडल के चारों जनपदों से बालक और बालिका पहलवानों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में गोरखपुर के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 40 स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य पदक अपने नाम किए। पदक तालिका में शानदार बढ़त के साथ गोरखपुर को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। बालक वर्ग में देवरिया दूसरे और कुशीनगर तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, बालिका वर्ग में देवरिया की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। गोरखपुर की बालिका पहलवानों ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया जबकि कुशीनगर तीसरे स्थान पर रहा। गोरखपुर की टीम का नेतृत्व मंडलीय क्रीड़ा सचिव डॉ. अरुणेंद्र राय ने किया। टीम के साथ आलोक श्रीवास्तव, नवींद्र पटेल और विनोद पाल सहित अन्य प्रशिक्षक और निर्णायक मौजूद रहे।