बुधवार को वार्षिक परीक्षा से वंचित विद्यार्थी कुलपति कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करते।
- फोटो : अमर उजाला
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में वार्षिक परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को भी 100 से ज्यादा विद्यार्थियों की परीक्षा छूट गई। संशोधित टाइम टेबल न देखने की वजह से ऐसा हुआ। इन विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई राहत देने से इंकार कर दिया। इन विद्यार्थियों की परीक्षा दोबारा नहीं कराई जाएगी।
वार्षिक परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली में एमए प्रथम वर्ष समाजशास्त्र, प्राचीन इतिहास, दर्शनशास्त्र, उर्दू और मनोविज्ञान की परीक्षा थी। हालांकि, पहले दिन हुए हंगामे के बाद दूसरे दिन ज्यादातर विद्यार्थी समय से परीक्षा देने पहुंच गए, लेकिन 100 से ज्यादा विद्यार्थी रह गए।
वे पुरानी समय सारिणी देखकर दोपहर एक बजे विश्वविद्यालय के कला संकाय केंद्र पहुंचे। वहां उनको पता चला कि उनकी परीक्षा सुबह की पाली में ही संपन्न हो गई है। इसके बाद उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। 100 की संख्या में छात्र-छात्राएं कुलपति कार्यालय के बाहर आकर खड़े हो गए।