कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रभात पांडेय के पिता से मुलाकात की
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष केशव चंद यादव, विश्व विजय सिंह समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को प्रभात पांडेय के पिता दीपक से मिलने देईपार गांव पहुंचे। उनके साथ में जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान सहित अन्य लोग भी थे। प्रदेश उपाध्यक्ष ने पार्टी की तरफ से दस लाख रुपये का चेक दीपक पांडेय के परिवार को सौंपा।
इससे पहले, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी देईपार गांव आने वाले थे। प्रदेश उपाध्यक्ष व गोरखपुर के प्रभारी केशव यादव प्रभात पांडे के घर देईपार पहुंचे और प्रभात के पिता दीपक पांडे से मुलाकात की। कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने भी दीपक पांडेय से बात कर सांत्वना दी थी। चर्चा है कि जल्द ही राहुल गांधी भी इस परिवार से मिलने आएंगे।
बता दें कि पिछले सप्ताह लखनऊ में विधानसभा भवन घेराव के दौरान कांग्रेस नेता व देईपार निवासी प्रभात पांडेय घायल हो गए थे। जब तक इलाज की व्यवस्था हो पाती, उनकी मौत हो गई थी। अगले दिन शव के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देईपार पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के निर्देश के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष दोबारा इस परिवार से मिलने आ रहे थे। लेकिन, अचानक ही उनका कार्यक्रम कैंसिल कर प्रदेश उपाध्यक्ष केशव यादव को देईपार भेजा जा रहा है। चर्चा है कि जल्दी ही राहुल गांधी भी प्रभात के घर आ सकते हैं।