उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में चोरी के आरोपी को बिना लिखा-पढ़ी थाने पर बैठाने पर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने गोला थानेदार धर्मेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया है। मामले में उन्होंने सीओ गोला अंजनी कुमार से स्पष्टीकरण भी मांगा है।
जानकारी के मुताबिक, बिना लिखा-पढ़ी थाने में लोगों को बैठाने और वसूली की शिकायत की जांच करने एसएसपी डॉ. विपिन ताडा शुक्रवार की रात जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण करने निकले। दक्षिणांचल के विभिन्न थानों का निरीक्षण करते हुए आधी रात को गोला थाने पहुंचे तो वहां एक युवक को बैठाया गया था जिसकी जीडी में कहीं एंट्री नहीं थी।
एसएसपी ने नाराजगी जताई तो थानेदार धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मोबाइल चोरी के आरोप में युवक को थाने लाया गया है। एसएसपी इस पर भड़क गए और वहां से लौटने के बाद उन्होंने गोला थानेदार को निलंबित कर दिया।
उधर, एडीजी अखिल कुमार और डीआईजी जे रवींद्र गौड़ ने भी चिलुआताल और गुलरिहा थाने का निरीक्षण किया। हालांकि यहां उन्हें कोई नहीं मिला। अफसरों ने हिदायत दी कि अवैध रूप से किसी को भी रात में थाने पर न रखा जाए। अगर कोई थाना पर है तो उसकी जीडी में लिखा-पढ़ी होनी चाहिए ऐसा न होने पर संबंधित थानेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
देरी से केस दर्ज करने के मामले में भी जांच का आदेश
गोला में थानेदार रहे धर्मेंद्र कुमार पर गाय चोरी करने के मामले में केस दर्ज नहीं करने का आरोप भी लगा है। इस मामले में डीएम के आदेश के बाद केस दर्ज किया गया था। इसे भी एसएसपी ने गंभीरता से लिया है और मामले में जांच का आदेश दे दिया है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि बिना लिखा-पढ़ी के किसी को थाने में बैठाया जाना गलत है। जांच में गोला में इस तरह की लापरवाही मिलने पर थानेदार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं देरी से केस दर्ज करने के मामले में भी जांच का आदेश दिया गया है। इस पूरे प्रकरण में सीओ गोला से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।