गोरक्षनगरी के लिए अच्छी खबर है। बीते फरवरी माह में गोरखपुर एयरपोर्ट से बोरिया-बिस्तर समेट कर अपना ऑफिस अयोध्या शिफ्ट कर लेने वाली विमानन कंपनी स्पाइस जेट अब फिर हवाई पट्टी पर दिखाई देगी। कंपनी ने वापसी की तैयारी कर ली है। गोरखपुर से कोलकाता और दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए शुक्रवार को शेड्यूल भी जारी कर दिया गया।
कंपनी 15 जुलाई से कोलकाता और 16 जुलाई से दिल्ली के लिए उड़ान शुरू करने जा रही है। शेड्यूल के अनुसार, सप्ताह में पांच दिन दिल्ली के लिए उड़ान होगी। कोलकाता के लिए एक विमान प्रत्येक दिन उड़ान भरेगा।
कंपनी के सेल्स मैनेजर मनीष सिंह ने बताया कि दिल्ली का विमान सप्ताह में पांच दिन मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार को उड़ान भरेगा। उन्होंने बताया कि सर्वे में दिल्ली और कोलकाता के लिए यात्रियों की संख्या अच्छी मिली है। इसलिए दोनों जगहों के लिए हवाई सेवा शुरू की जा रही है।
वर्तमान में इंडिगो का एक विमान कोलकाता की उड़ान भरता है। इस वजह से यात्रियों को वहां जाने के लिए छह से सात हजार रुपये किराया खर्च करना पड़ता है। एक और विमान के शुरू होने पर किराया घटकर चार से पांच हजार तक हो सकता है। इससे यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
बढ़ जाएगी गोरक्षनगरी से उड़ानों की संख्या
गोरखपुर से दिल्ली के लिए चार, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और बंगलूरू के लिए रोज एक-एक उड़ान होती है। इसमें पांच विमान इंडिगो, दो अकासा और एक एलायंस का है। स्पाइस जेट के दो विमान बढ़ने से उड़ान की संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।
निरस्त रही एलायंस एयर की उड़ान
दिल्ली एयरपोर्ट पर बरसात की वजह से टर्मिनल-एक की छत गिरने से कई जगहों की उड़ानें निरस्त करनी पड़ीं। इसमें गोरखपुर के लिए एलायंस एयर की उड़ान भी प्रभावित हुई। एयरपोर्ट महाप्रबंधक प्रचालन विजय कौशल ने बताया कि दिल्ली से गोरखपुर जाने और आने वाले अधिकतर विमान टर्मिनल-दो से उड़ान भरते हैं।
इसलिए इंडिगो, अकासा के विमानों ने अपने तय समय पर उड़ान भरे। एलायंस एयर का विमान दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल- एक से संचालित होता है। इसलिए कंपनी ने शुक्रवार की सुबह ही उड़ान निरस्त कर यात्रियों को मैसेज भेज दिया था। इससे यात्री भी परेशान नहीं हुए। दिल्ली से 3:30 बजे एलायंस एयर का विमान गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरता है। यही विमान फिर चार बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरता है।