लेह सड़क हादसे में मृत सेना के जवान की अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फुलवरिया कुर्मी टोला निवासी सेना के जवान की लेह में सड़क हादसे में बृहस्पतिवार को मौत हो गई थी। शनिवार को उसका शव गोरखपुर एयरपोर्ट से सेना की गाड़ी से गांव पहुंचा। जवान के शव के अंतिम दर्शन को लेकर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। राजकीय सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वंदे मातरम व भारत माता की जय के नारे लगते रहे।
फुलवरिया कुर्मी टोला निवासी सूरज पटेल पुत्र इंद्रमणि पटेल सेना के जवान थे। लेह में सड़क दुर्घटना में इनकी मौत हो गई थी। शनिवार को गोरखपुर एयरपोर्ट से सेना की गाड़ी से जवान का शव जैसे ही उनके घर पहुंचा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों के साथ रिश्तेदारों व ग्रामीणों की आंखे नम हो गईं।
चौरीचौरा तहसील के कई गांव के लोगों का शव के अंतिम दर्शन के लिए तांता लगा रहा। वंदे मातरम व भारत माता की जय के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। एसडीएम रोहित मौर्य, सीओ अनुराग सिंह, प्रभारी निरीक्षक राहुल शुक्ल पूरे फोर्स के साथ मुस्तैद दिखे।
जवान के शव का झंगहा गौरीघाट पर पूरे राजकीय सम्मान व सलामी के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख ईश्वर चंद जायसवाल, चेयरमैन सन्नी जायसवाल लेह से सेना के सूबेदार राकेश शर्मा, नायब सूबेदार विक्की राणा, हवलदार दामोदर गिरी, चैत कुमार बिष्ट भी मौजूद रहे।
जवान की शव यात्रा में हजारों लोग हुए शामिल
जवान का शव गांव पहुंचते ही कई गांव के लोग वहां पहुंच गए और उसकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। छत पर महिलाओं व बच्चों ने खड़े होकर अंतिम यात्रा को देखा। जैसे ही जवान की अंतिम यात्रा निकली उनकी आंखें नम हो गईं। युवाओं ने देशभक्ति के नारे लगाए। कई लोग हाथों में तिरंगा लहराते नजर आए।