कैंपियरगंज। स्थानीय केनरा बैंक शाखा में बुधवार दोपहर एक युवक ने हंगामा कर तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी हृदेश सिंह को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया। बुधवार दोपहर करीब एक बजे एक युवक बैंक में घुस आया और बिना कारण कर्मचारियों से बहस करने लगा। मना करने पर उसने काउंटर व फर्नीचर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। शाखा प्रबंधक हेमंत कुमार ने तत्काल घटना की सूचना कैंपियरगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिसकर्मियों से भी उलझ गया। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू कर थाने लाया गया। हिरासत में लिए गए युवक की पहचान हृदेश सिंह के रूप में हुई है, जो गोरखपुर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में मार्केटिंग अधिकारी बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, हृदेश सिंह मानसिक रूप से अस्थिर (अर्धविक्षिप्त) है। हाल के दिनों में अन्य बैंकों की शाखाओं में भी हंगामा कर चुका है। थानाध्यक्ष कैंपियरगंज राकेश कुमार रोशन ने बताया कि युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।