गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मीठाबेल के भरटोलिया निवासी सुनील राजभर चलती ट्रेन से लापता हो गया है। उसके घर नहीं पहुंचने से परेशान परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि नौ सितंबर को सुनील ने परिजनों को फोन करके बताया कि ट्रेन में उसे किसी ने नशीला पदार्थ सुंघा दिया है। तभी से उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। पीड़ित परिवार ने जीआरपी गोरखपुर को तहरीर दे दी है।
मीठाबेल, भरटोलया निवासी सुनील राजभर करीब ढाई माह पूर्व वेल्डर का काम करने पुणे गया था। वहां से वह सात सितंबर को बस से भुसावल पहुंचा। वहां से ट्रेन संख्या-15017 काशी एक्सप्रेस से गोरखपुर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान उसने अपने छोटे भाई बादल को कॉल करके बताया कि वह ट्रेन में बैठ गया है। नौ सितंबर को उसने वाराणसी पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद उसने कहा कि वह ट्रेन में है, लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ रही है। उसे किसी ने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया है।
सुनील ने यह भी बताया कि वह गोरखपुर पहुंचने वाला है। परिजन रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। रात में दो बजे जब ट्रेन पहुंची तो उसका पता नहीं चला। उसके मोबाइल पर घंटी बजती रही, लेकिन फोन नहीं उठा। 11 सितंबर की सुबह आठ बजे से उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। तभी से परिजन उसकी तलाश कर रहे हैं। किसी अनहोनी की आशंका में परिजनों ने जीआरपी के साथ ही झंगहा थाने की पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।