गोरखपुर। सिकरीगंज में न्यू गुरुकुल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नीकल एजुकेशन नाम से ऑफिस खोलकर जालसाजों ने नौवीं, 10, 11 और 12वीं के विद्यार्थियों को कंप्यूटर सीखने के साथ ही पैसा कमाने का प्रलोभन दिया। सभी से 10 लाख रुपये से अधिक की जालसाजी की और फरार हो गए। सोमवार को खजनी, माल्हनपार, भैंसा बाजार, सिकरीगंज और गीडा क्षेत्र से पुलिस ऑफिस पहुंचे करीब 40 विद्यार्थियों ने यह आरोप लगाया। कार्रवाई के लिए डे-अफसर को प्रार्थना पत्र दिया। डे-अफसर ने खजनी थाने को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ऑफिस पहुंचे छात्रों ने बताया कि एक साल पहले सिकरीगंज में न्यू गुरुकुल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नीकल एजुकेशन का ऑफिस खोला गया। इसका डायरेक्टर सिद्धार्थनगर में रहता है। इसमें बतौर शिक्षक के रूप में तैनात लोग गांव-गांव जाकर अपनी स्कीम छात्रों और अभिभावकों को बताते थे। उन्होंने समझाते हुए कहा था कि नौ से 12वीं के छात्रों को ट्रिपल-सी और डीसीए कोर्स कराया जाएगा।
इस दौरान उन्हें प्रतिमाह तीन से चार हजार रुपये भी दिए जाएंगे। इसके लिए एक छात्र को 15 हजार 499 रुपये फीस जमा करनी होगी। कम उम्र में पढ़ाई के साथ रोजगार पाने के लालच में छात्रों ने अभिभावक से मांग कर रुपये जमा कर दिए। एक माह पहले सिकरीगंज स्थित ऑफिस में ताला बंद हो गया और उसके कर्मचारी भी फरार हो गए। इसके बाद से ही छात्र व उनके अभिभावक तलाश कर रहे थे। छात्रों का आरोप है कि थाने पर भी शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसलिए पुलिस ऑफिस शिकायत करने आना पड़ा है।