एआई तकनीक से युवती के साथ फोटो जोड़कर जिले में तैनात बैंक अफसर को कॉल करके एक महिला दो लाख रुपये मांग रही है। इन्कार करने पर परिवार को फोटो भेजने की धमकी दे रही है।
चंदौली में तैनाती के समय बैंक अफसर का युवती के साथ आपत्तिजनक फोटो बनाया गया है।
ब्लैकमेल करने वाली महिला बैंक अफसर के अंडर में प्रशिक्षण भी ले चुकी है। बैंक अफसर ने एसएसपी से मिलकर शिकायत की है। एसएसपी ने पूरे प्रकरण की जांच साइबर थाने की पुलिस को सौंपी है।
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी के मूल निवासी बैंक अफसर की चार वर्ष पहले चंदौली में पोस्टिंग थी। इस दौरान रोजगार देने वाले कार्यक्रम के तहत कई महिलाओं-युवतियों का प्रशिक्षण कराया गया था। नियमानुसार महिलाओं-युवतियों का फोटो भी लिया जाता था।
आरोप है कि इसका फायदा उठाकर एक महिला ने अपने साथी युवती का फोटो हासिल कर लिया। आरोप है कि किसी की मदद से उसके मोबाइल को हैक कर कई निजी फोटो लिए और उसे एआई की मदद से बैंक अफसर के साथ जोड़ दिया। फोटो युवती को भेजकर वह पांच लाख रुपये की मांग करने लगी।