गुलरिहा क्षेत्र के रघुनाथपुर में बकाए में बिजली कनेक्शन काटने पर एक महिला ने संविदा लाइनमैन को चप्पल से पीट दिया। साथ में गए जेई तथा अन्य कर्मी मूकदर्शक बनकर देखते रहे। मामला बृहस्पतिवार का है। मंगलवार को लाइनमैन की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने महिला के खिलाफ मारपीट एवं सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि अमर उजाला वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। गुलरिहा क्षेत्र के ग्राम महराजगंज के सेवईं टोला निवासी सुरेश कुमार बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन हैं। सुरेश की तहरीर के अनुसार, 23 जनवरी को क्षेत्र के रघुनाथपुर के मधई टोला में राजस्व वसूली के दौरान बकाएदारों का कनेक्शन काटा जा रहा था।
इसी दौरान एक बकाएदार जीवनलाल का भी बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन काट दिया गया। इससे नाराज घर की महिला शशिकला अभद्रता करते हुए मारपीट करने लगी। तहरीर के आधार पर गुलरिहा पुलिस ने आरोपी महिला शशिकला के खिलाफ केस दर्ज किया है।