सरदारनगर चौरीचौरा पुलिस ने शनिवार दोपहर में रेलवे व एफसीआई (भारतीय खाद्य निगम) में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 30 लाख रुपये की ठगी करने की आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भिजवा दिया। पुलिस मामले में नामजद अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। चौरीचौरा थानाक्षेत्र के भौवापार सरिता चौहान ने विगत दिनों एसएसपी गौरव ग्रोवर को प्रार्थना पत्र देकर महिला सहित पांच लोगों पर धोखाधड़ी व धमकी देने का केस दर्ज कराया था।
सरिता चौहान ने बताया कि जान पहचान के खजनी निवासी शैलेंद्र कुमार के माध्यम से शाहपुर के जंगल हकीम नंबर दो निवासी सरकारी शिक्षक राकेश कुमार पाठक से मुलाकात हुई। इसके बाद राकेश ने एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर अपने बैंक खातों में रुपये भेजने की डिमांड की।
उसने अपनी पत्नी ममता देवी के भी खाते में रुपये मांगे। इसी तरह पति सहित अन्य युवकों को नौकरी के नाम पर करीब 30 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। ठगी की जब जानकारी हुई तो रुपये वापस मांगने पर राकेश कुमार पाठक, मिथिलेश, ममता देवी तथा मनोज कुमार सिंह ने फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी।
इधर, पुलिस अन्य आरोपी राकेश कुमार पाठक, मिथिलेश कुमार, मनोज कुमार सिंह व सम्राट उर्फ विनोद की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। इस संबंध में राहुल शुक्ल ने बताया कि आरोपी महिला को घर से गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है।