गोरखपुर। शाहपुर के युवक को अपने उधार रुपये मांगने भारी पड़ गए। मनबढ़ाें ने शनिवार शाम युवक को उधार रुपये वापस करने के लिए गुलरिहा इलाके में बुलाया और ईंट से मारकर उसका सिर फोड़ दिया। घायल युवक मौके पर ही बेहोश हो गया। पीड़ित की तहरीर पर गुलरिहा थाने में पुलिस ने रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के तारामंडल निवासी मोनू राय और शीतल चौधरी पर केस दर्ज किया है।
शाहपुर के रेलवे मेडिकल कॉलोनी निवासी अमन सिंह का आरोप है कि पूर्व परिचित मोनू राय को 50 हजार रुपए उधार दिए थे। काफी समय बीतने के बाद भी मोनू रुपये देने में टालमटोल करता रहा। शनिवार अपराह्न तीन बजे फोन करके रुपये वापस करने के लिए बुलाया। मित्र परितोष शर्मा के साथ वह गुलरिहा क्षेत्र के हेरिटेज हॉस्पिटल पहुंचा तो मोनू और शीतल चौधरी गलियां व जानमाल की धमकी देने लगे। मना करने पर दोनों ने सड़क से ईंट उठाकर मारा, जिसमें अमन का सिर फट गया और वहीं गिरकर बेहोश हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।