गोरखपुर। उत्तर प्रदेश बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को शहर के 30 केंद्राें पर दो पालियों में आयोजित हुई। दोनों पालियों की परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र का स्तर न ही कठिन और न ही सरल था, मध्यम स्तर का रहा। कला और विज्ञान के प्रश्नों को हल करने में थोड़ा समय लगा। वहीं, गणित और रीजनिंग आसान रही।
यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा में दो प्रश्न पत्रों को हल करना होता है। दोनों ही प्रश्न पत्र के लिए 200 अंक (प्रत्येक 100) निर्धारित होते हैं। हर सही उत्तर देने पर अभ्यर्थियों को एक अंक मिलता है। परीक्षा के प्रथम प्रश्न पत्र में खंड अ से सामान्य ज्ञान एवं खंड ब से भाषा (हिंदी या अंग्रेजी में से कोई एक) विषयों से प्रश्न पूछे गए। वहीं, प्रश्न पत्र दो में खंड अ से सामान्य अभिरुचि परीक्षण एवं खंड ब में विषय योग्यता (कला/ विज्ञान/ वाणिज्य/ कृषि) विषयों से प्रश्न पूछे गए।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली। उनका कहना था कि जितना सोचकर आए थे उसके मुकाबले प्रश्न पत्र काफी आसान था। विज्ञान और कला के प्रश्नों में थोड़ी कठिनाई जरूर हुई, लेकिन ओवरऑल प्रश्न पत्र का स्तर मध्यम था।
-
बोले अभ्यर्थी
दोनों प्रश्नपत्रों का स्तर मध्यम रहा। कला और विज्ञान के सवालों का उत्तर देने में थोड़ी कठिनाई जरूर हुई, लेकिन गणित और रीजनिंग के सवाल आसान रहे।
- नितेश पांडेय
-
प्रवेश परीक्षा को लेकर तैयारी अच्छी थी। पेपर अच्छा हुआ है। दूसरे प्रश्न पत्र में कुछ सवाल कठिन जरूर आए। पहले से तैयारी थी, जिससे ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ा।
- मोहिनी मिश्रा