खोराबार। आरजी बसडीला के सामने बुधवार की शाम फरेन नाले में नहाने गए दो किशोर डूब गए। सूचना पर एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंची पुलिस दोनों की तलाश में लग गई। देर शाम तक उनका पता नहीं चला। रात होने की वजह से एसडीआरफ की टीम मौके से चली गई है। बृहस्पतिवार की सुबह एक बार फिर दोनों किशोर की तलाश शुरू होगी।
जगदीशपुर निवासी अर्जुन पड़ोस में रिश्तेदारी में आए कुशीनगर प्रेमवलिया निवासी विकास के साथ बसडीला गांव पहुंचा। यहां से दोनों पास के फरेन नाले में नहाने गए और गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहले स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की खोजबीन कराई। शाम साढ़े छह बजे पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने दोनों को ढूंढने का प्रयास किया। इधर, दोनों किशोर के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। संवाद