ट्रेनों में लूट करने वाले दो लुटेरे गिरफ्तार।
गोरखपुर। ट्रेनों में लूट करने वाले दो लुटेरों को रविवार को जीआरपी ने गोरखपुर जंक्शन के गेट नंबर एक से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लुटेरों में एक गोंडा और दूसरा महराजगंज का रहने वाला है। दोनों के पास से लूट के चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में जीआरपी गोरखपुर की टीम ने रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक पीपल के पेड़ के पास से महराजगंज के कोतवाली थाना के बभनौली निवासी मंसूर खान और गोंडा के बड़गांव खैरा भवानी निवासी रोहित कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। ये दोनों रेलवे स्टेशन और आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों से लूट करते थे। लूटे हुए सामान और मोबाइल फोन को दूसरे व्यक्तियों को बेच देते थे। रविवार को भी मोबाइल को बेच रहे थे, तभी इन्हें जीआरपी ने दबोच लिया। इसके बाद न्यायालय पेश किया फिर वहां से जेल भेजा दिया गया।
पहले भी कर चुके हैं लूट
गिरफ्तार दोनों आरोपी इसके पहले भी कई लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। इन्हें पुलिस काफी दिनों से तलाश रही थी। रोहित पर गोंडा में चार तो मंसूर पर महराजगंज में एक मुकदमा पहले से दर्ज है। पुलिस अब इनके गिरोह के अन्य लुटेरों को तलाशने में जुटी है।