गोरखपुर। शहर में एक माह के भीतर लूट की तीन वारदात कर सनसनी फैलाने वाले दो बदमाशों को रामगढ़ताल पुलिस ने शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। चौरी-चौरा क्षेत्र के रहने वाले आरोपियों के कब्जे से लूट का एक मोबाइल फोन, 4800 रुपये व घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन मिले। दोपहर बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को नौकायन से सटे लेक व्यू के पास बदमाशों ने महिला की चेन लूट ली। सूचना पर तलाश में जुटी रामगढ़ताल पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को बाइक समेत दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन व 4800 रुपये बरामद हुए। बदमाशों की पहचान चौरी चौरा के भटगांवा में रहने वाले राजू शर्मा और कमलेश कुमार उर्फ बादल के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि 18 सितंबर को इन लोगों ने तारामंडल में डाक्टर को दिखाकर घर लौट रही शाहपुर के बशारतपुर में रहने वाले रामचंद्र यादव की पत्नी सुभाषिनी यादव की चेन लूटी थी। 16 अक्तूबर की शाम को नंदानगर में सब्जी लेने गई दरगहिया में रहने वाली चंद्रावती देवी की चेन लूटकर फरार हो गए थे। महिला के बेटे संजय यादव ने एम्स थाने में केस दर्ज कराया है।