गोरखपुर। सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों का उपचार जिला अस्पताल व बीआरडी मेडिकल काॅलेज में चल रहा है।
बेलीपार प्रतिनिधि के अनुसार, सोमवार की देर रात एक बजे करीब हरदिया गांव के सामने ट्रैक्टर-ट्राॅली को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दिया। ट्रैक्टर पर बैठा एक युवक उछलकर नीचे गिर गया और ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने युवक की पहचान श्याम सुंदर के रूप में की। वह ट्रैक्टर चालक बृजेश के साथ देवरिया के पैना थाना क्षेत्र के बरहज स्थित गोलू मार्का से ईंट लेकर कौड़ीराम होते हुए गोरखपुर जा रहा था। वहीं, झंगहा निवासी राजू ने बगहा वीर बाबा स्थान के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली को रोककर उस पर बैठा था। चालक बृजेश व राजू को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। गाड़ी से बरामद मोबाइल फोन के आधार पर ट्रेलर चालक और उसके मालिक की पहचान हो गई है।
सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को ट्रेलर की चपेट में आकर दंपती घायल हो गए। दोनों को सीएचसी ले जाने पर चिकित्सकों ने पति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पत्नी को मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। दंपती की पहचान बांसगांव थाना क्षेत्र के माल्हनपार निवासी रामचंद्र और पत्नी रीना के रूप में हुई। ये सहजनवां में रहकर ठेले पर कबाड़ बेचने का काम करते थे। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है।
चौरीचौरा के सरैया चौराहे पर पति के साथ खड़ी कबूतरी देवी को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पति बिलारी निवासी रमाकांत की तहरीर पर एम्स थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।