कार्यों और राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले जेई पर बिजली निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कौड़ीराम खंड के डेरवा में 33 हजार वोल्ट की लाइन में खराबी के बाद एसडीओ का फोन रिसीव नहीं करने वाले जेई बुद्धि नारायण राम को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही तकनीकी कार्य न करने, राजस्व वसूली में पिछड़े जुड़ियान के जेई दीपक गुप्ता को भी निलंबित कर दिया गया है।
कौड़ीराम खंड के अधिशासी अभियंता संतोष तिवारी ने अधीक्षण अभियंता ग्रामीण सर्किल द्वितीय रमेश कुमार श्रीवास्तव को पत्र लिखकर डेरवा के जेई की लापरवाही के बारे में बताया। बताया कि 23 मई को लाइन ब्रेकडाउन होने के बाद भी जेई ने लापरवाही बरती। 23 मई को जेई ड्यूटी पर भी नहीं थे।
अधीक्षण अभियंता रमेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जुड़ियान उपकेंद्र के जेई दीपक गुप्ता राजस्व वसूली के साथ ही तकनीकी कार्यों में रुचि नहीं लेते हैं। टोल फ्री नंबर 1912 के वर्कफोर्स पर शटडाउन और ब्रेकडाउन की जानकारी नहीं दर्ज करते। बताया कि दोनों जेई को विद्युत परीक्षण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता कार्यालय से संबद्ध किया गया है।