गोरखपुर। झंगहा और हरपुर-बुदहट क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसों में छात्र समेत दो की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल है। जिसका उपचार मेडिकल कालेज में चल रहा है। वहीं झंगहा क्षेत्र में छात्र की मौत के बाद ग्रामीणों ने नई बाजार-गोबडौर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोक-झोंक भी हुई।
झंगहा प्रतिनिधि के अनुसार, दुबौली चौहान टोला के पास बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से इटौवा निवासी कृष की मौत हो गई। सुबह आठ बजे वह साइकिल से पढ़ने के लिए डा.भीमराव आंबेडकर विद्यालय जा रहा था। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया। सीओ चौरी चौरा अनुराग सिंह ने बताया कि मार्ग खाली कराने के बाद पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर चालक और मालिक का पता लगा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हरपुर-बुदहट प्रतिनिधि के अनुसार कटसहरा-सूरस देवरिया मार्ग पर शाम चार बजे दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृत युवक की पहचान क्षेत्र के गोरेडीह निवासी दिलीप कुमार के रूप में की। वहीं बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती युवक की पहचान संतकबीरनगर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मगहर निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई।