महावीर छपरा (गोरखपुर)। तमिलनाडु में मजदूरी कर रहे गोरखपुर के दो दोस्तों की सेल्फी के चक्कर में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर रिश्तेदार को सूचना देकर शव की पहचान कराई। पांचवें दिन रविवार को शव गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बेलीपार इलाके के ककराखोर निवासी मकसूदन प्रजापति (26 वर्ष) पुत्र शेषनाथ और पीपीगंज थाना क्षेत्र के इटवा कानापार निवासी ज्ञानेंद्र प्रताप गौड़ (22 वर्ष) पुत्र शिवचरण तमिलनाडु में टाइल्स लगाने का काम करते थे। 10 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे ट्रेन की पटरी पर दोनों दोस्त कान में इयरफोन लगाकर किसी गाने की धुन पर बैठकर सेल्फी बना रहे थे। इस बीच पीछे से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई।
ट्रेन चालक ने इसकी सूचना नजदीकी रेलवे स्टेशन पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके पास मिले मोबाइल फोन और आईडी से दोनों की पहचान कराई। मकसूदन के जीजा राजेश भी तमिलनाडु में काम करते हैं। हादसे की सूचना पर वह पहुंचे।
मकसूदन तीन बहनों में तीसरे नंबर का था। उसकी शादी हो चुकी थी। दो साल व चार साल के दो बच्चे हैं। वह चार अप्रैल को छोटी बहन की शादी में घर आया था।