देवरिया के एक युवक ने नौकरी के नाम पर गोरखनाथ की युवती से आठ लाख रुपये हड़प लिए और कोल्ड ड्रिंक में बेहोशी की दवा मिला कर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मूलत: मऊ की रहने वाली एक युवती गोरखनाथ इलाके में किराए पर रहती है।
युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के पथरदेवा भेलीपट्टी निवासी आरोपी बबलू जायसवाल ने सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया था। वह उसकी बातों में आ गई और कई बार में करीब आठ लाख रुपये उसे दे दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो उसे ठगे जाने का अहसास हुआ।
वह अपने रुपये वापस मांगने लगी तो वह टालमटोल करता। इस बीच एक दिन वह गोरखनाथ स्थित उसके कमरे पर आया। उसने धोखे से उसे कोल्ड िड्रंक में बेहोशी की दवा मिला कर पिला दी और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को शनिवार को गोरखनाथ इलाके से गिरफ्तार कर लिया।