गुलरिहा क्षेत्र के नरायनपुर में पत्नी सरोज (22) की हत्या करने के आरोपी सतीश चौहान को पुलिस ने शुक्रवार को पूछताछ के बाद कोर्ट के सामने प्रस्तुत कर जेल भिजवा दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि बड़े भाई आतिश को दो दिन पहले कमरे के बाहर टहलता देखा था।
तभी से मुझे उस पर शक था कि उसका पत्नी से कुछ चल रहा है। वे मुझे मार देते इसलिए पत्नी की हत्या की और भाई पर भी हथौड़े से हमला किया था। लेकिन, वह बच गया। पुलिस ने आरोपी के पास से हमले में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद किया है।
गुलरिहा क्षेत्र के नारायनपुर टोला हीरागंज में बृहस्पतिवार सुबह जो कुछ हुआ, उसने पूरे गांव को हिला दिया। इसे लेकर दिन भर चर्चा चलती रही। हर कोई नवविवाहिता सरोज की हत्या और उसके जेठ आतिश पर जानलेवा हमले की वारदात के पीछे का कारण जानना चाह रहा था।
वहीं, बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती आतिश की स्थित खतरे से बाहर बताई जा रही है। सरोज के पिता रामनयन का कहना है कि 13 फरवरी को धूमधाम से उन्होंने शादी की थी। आठ लाख नकद दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष पांच लाख और मांग रहा था।
उनकी तहरीर पर पति सतीश समेत ससुराल के छह लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया है। लेकिन, पुलिस की जांच में दहेज के लिए हत्या करने की बात अभी तक नहीं आई है।
आरोपी सतीश ने पूछताछ में बताया कि उसने बुधवार की रात में पत्नी सरोज का गला दबाकर हत्या कर दी और शव के पास ही पूरी रात मौजूद रहा। भोर में वह बाहर निकला और छत पर जाकर सोफे पर बैठ गया। सुबह जैसे ही उसकी भाभी पूजा कमरे से निकली, वह हथौड़ा लेकर सीधे अपने बड़े भाई आतिश के कमरे में गया और उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा।