गोरखपुर। जिनके घर में बिना लोड बढ़ाए एसी लगाया गया है उनके कनेक्शन की बिजली निगम जांच करेगा। लाइनमैन और अवर अभियंता के माध्यम से जांच करा कनेक्शन का लोड बढ़ाया जाएगा।
बिजली निगम के अभियंताओं का कहना है कि इस बार गर्मी में जिले में 20 से 25 हजार एसी लगे हैं, लेकिन ज्यादातर उपभोक्ताओं ने इसकी सूचना नहीं दी है। जिन घरों में एसी लगे हैं उनके कनेक्शन की जांच कर क्षमता वृद्धि कराई जाएगी।
मुख्य अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा कि उपभोक्ता यदि एसी या इस तरह के ज्यादा क्षमता के उपकरण लगाते हैं तो उन्हें इसकी जानकारी देते हुए कनेक्शन की क्षमता में वृद्धि करा लेनी चाहिए। अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं कि खुद भी जांच कर क्षमता बढ़ाएं। वास्तविक क्षमता दर्ज होने से निगम के राजस्व में बढ़ोतरी तो होगी ही, बिजली सुधार को केंद्र में रखकर उपकरणों की क्षमता वृद्धि भी कराई जाएगी।