गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए लोगों को आश्वस्त किया कि जिन जरूरतमंद लोगों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनके इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। एक महिला की समस्या जानते ही उन्होंने अफसरों से कहा कि हॉस्पिटल में भर्ती कराकर इलाज का एस्टीमेट मंगाइए, पैसा सरकार देगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में करीब 300 लोगों की फरियाद सुनीं। सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। सभी की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कहीं कोई जमीन कब्जा या दबंगई कर रहा हो तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। हर पीड़ित की समस्या का निस्तारण निष्पक्ष रूप से उसकी संतुष्टि के अनुरूप किया जाना सुनिश्चित होना चाहिए।
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता संबंधी प्रार्थना पत्र लेकर आए थे। मुख्यमंत्री योगी ने सबको मदद का भरोसा दिया। इस दौरान सीएम ने लोगों से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा और अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करें, ताकि इलाज के लिए किसी को परेशान न होना पड़े।
बच्चों से मिले सीएम, खूब पढ़ने के लिए किया प्रेरित
गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करने के दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ मंदिर आए बच्चों को प्यार, दुलार और आशीर्वाद दिया। बच्चों को अपने पास बुलाकर उनसे बातचीत की। उनसे नाम पूछने के साथ पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को सीएम ने चॉकलेट गिफ्ट कर विदा किया।
गोसेवा में बिताया वक्त
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला में पहुंचे। यहां उन्होंने गोसेवा में कुछ समय व्यतीत किया। सीएम योगी ने गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया।