गोरखपुर। महिलाओं की चेन लूटने वाले बदमाश को कैंट थाना पुलिस ने मंगलवार की सुबह गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लूटी गई दो चेन, घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि 24 सितंबर की सुबह 10:30 बजे कचहरी चौराहे पर चारू चंद्रपुरी कालोनी में रहने वाली मंजू साहू की चेन बाइक सवार बदमाश ने लूट ली। बच्चों को स्कूल से लाने के लिए मंजू जा रही थीं। 29 सितंबर को पैडलेगंज चौराहा पर इसी बाइक सवार ने खोराबार क्षेत्र में रहने वाले बीमा अभिकर्ता संजय कुमार राय की पत्नी की चेन लूट ली। ऑटो से उतरने के बाद वह बेटियों के साथ सड़क पार कर रही थीं। सीसीटीवी कैमरा फुटेज व सर्विलांस की मदद से छानबीन करने पर पता चला कि सहजनवां के सीहापार, प्रधान टोला में रहने वाले हर्ष शुक्ला ने वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार की सुबह कैंट थाना पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।