कौड़ीराम। कछार इंटर काॅलेज गजपुर के चार छात्रों को मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने ठोकर मार दी। जिसमें चारों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। छात्र इंटरवल में कॉलेज से बाहर निकले थे। घायल छात्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद चारों छात्रों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गजपुर पुलिस ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गगहा के कछार इंटर काॅलेज गजपुर में मंगलवार को सुबह 11 बजे इंटरवल होने पर छात्र बाहर खरीदारी के लिए निकले थे। इसी बीच गजपुर से कौड़ीराम की ओर जा रही ट्रैक्टर ट्राॅली ने चार छात्रों को ठोकर मार दी। इसमें गजपुर के अमित सैनी, प्रिंस विश्वकर्मा, झंगहा निवासी प्रिंस व विकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों घायल कक्षा 10 के छात्र हैं।
बेटे को देखने जा रही मां भी हुई घायल
इस हादसे में घायल हुए बेटे प्रिंस विश्वकर्मा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम देखने जा रही उसकी मां गुड़िया भी कौड़ीराम-गजपुर मार्ग पर बाइक की टक्कर में घायल हो गई। घायल महिला को भी प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।