गोरखपुर। शहर में यातायात सुरक्षा को लेकर मॉडिफाई बाइक के खिलाफ एक सप्ताह के अभियान में ट्रैफिक पुलिस ने 143 वाहन सीज किए, वहीं 6455 वाहनों का एमवी एक्ट के तहत चालान किया। मौके से ही 4,24,500 रुपये शमन शुल्क वसूल कर राजकीय कोष में भी जमा कराया गया। इस अभियान के तहत सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब के माध्यम से बाइकर्स गैंग की भी पहचान की गई। रील्स में यातायात नियम तोड़ते पाए गए 06 वाहनों को सीज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर शहर में यातायात पुलिस द्वारा मॉडिफाई बाइक और साइलेंसर के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मॉडिफाई साइलेंसर पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस लगातार दुकानों की भी तलाशी ले रही है। अभियान के अतंर्गत दो पहिया वाहन पर बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट, ओवर स्पीड चलने वाले लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। शाम छह बजे से प्रमुख चौराहों पर भीड़ बढ़ जाती है। इस दौरान यातायात पुलिस आने-जाने वाले लोगों को जागरूक भी कर रही है। ताकि यातायात नियमों का अनुपालन कराया जा सके।