गोरखपुर। शाहपुर आवास विकास काॅलोनी में कुत्ते की इस कदर दहशत है कि किसी भी गली में कुत्ता भौंक रहा है तो वे सहम जा रहे हैं। घर से बहुत जरूरी काम होने पर ही निकल रहे हैं। वहीं काॅलोनी वासियों ने घर पर आने वाले दोस्त, रिश्तेदारों को भी कॉल कर सावधान किया है कि वे इस समय घर पर ना आएं। काॅलोनी वासी बच्चों को लेकर सबसे अधिक परेशान हैं। कई लोगों ने सुरक्षा के लिहाज से बच्चों को दो दिन से घर के अंदर ही कैद रखा है, उन्हें स्कूल भी नहीं भेजा।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भी कई लोग कुत्ते के हमले में घायल हुए हैं। इसके बाद से ही आवास विकास कालोनी में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सावधानी बरत रहे हैं। काॅलोनी वासियों ने बताया कि छुट्टा पशुओं और आवारा कुत्तों की तादाद बढ़ गई है। एक सप्ताह पहले मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम को पत्र देकर इस समस्या से अवगत भी कराया था।
एक कुत्ते को पीट-पीट कर मार डाला
जानकारी के अनुसार, शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी स्थित मलिन बस्ती में बुधवार रात में एक बच्चे और युवक को कुत्ते ने काट लिया था। मलिन बस्ती के लोगों ने कुत्ते को ईंट-डंडे से पिटकर मार डाला। अभी भी कुत्तों का आतंक जारी है।
जूनियर डॉक्टरों ने भी किया दुर्व्यवहार
शाहपुर आवास विकास कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कुत्ता काटने पर वह सीधे जिला अस्पताल गए, वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर वहां जूनियर डॉक्टरों ने दुर्व्यवहार किया और वैक्सीन भी नहीं लगी। उन्हें प्राइवेट हॉस्पिटल का सहारा लेना पड़ा।
-
कोट-
रात में घर बाहर पड़ोसियों के घर प्रसाद देने के लिए निकला था, घर लौटे समय कुत्ते ने हमला कर दिया। मेरे सामने ही छह लोगों को कुत्तों ने काटा। तीन दिनों से घर से निकलने पर डर लग रहा है। मोहल्ले में सन्नाटा छाया है। अभी तक कोई भी जिम्मेदार कुत्ते को पकड़वाने का प्रयास नहीं किया।
आनंद कुमार श्रीवास्तव, काॅलोनीवासी
घर के बाहर दरवाजा पर फोन से बात करते समय कुत्ते ने चेहरे पर हमला कर दिया। इस दौरान कुत्ते ने कई जगहों पर काट लिया। एक ही इलाके के लोगों के साथ इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है।
आशीष यादव, काॅलोनीवासी
मुझे 14 अगस्त की रात में कुत्ते ने पैर में काट लिया। मेरे घर के लोगों को भी कुत्ते ने काटा है। अब वैक्सीन लगवाने में भी परेशानी हो रही है। हम लोग कहीं निकल नहीं पा रहे हैं। अब तो कहीं भी कुत्ता भौंक रहा है या दिख रहा है तो डर लग जा रहा है।
जाह्नवी, काॅलोनीवासी
आवारा कुत्ते ने पैर में काट लिया है, अब तो घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। काॅलोनी में हर तरफ कुत्ते की दहशत देखने को मिल रही है। महिलाएं और बच्चों के लिए बड़ी समस्या हो गई है, स्कूल जाने में बच्चे डर रहे हैं।
बालाजी, काॅलोनीवासी
मोहल्ले में कई लोगों को कुत्ता काट लिया है। लोगों को जिला अस्पताल भेज कर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई गई है। मोहल्ले में घुमंतू कुत्ते और छुट्टा पशुओं को पकड़ने के लिए नगर निगम के जिम्मेदारों को अवगत करा दिया है।
चंद्रशेखर सिंह, पार्षद प्रतिनिधि
ये कोई ऐसा मौसम नहीं है, जिसमे कुत्ते आक्रामक हो जाएं। कुत्ते का वॉच करना होगा, वो खाना खा रहा है कि नहीं ये देखना होगा। अगर खाना या पानी का सेवन वो नहीं कर रहा है तो हो सकता है कि वो पागल हो गया हो। मेरी एक टीम कल जाकर कुत्ते की तलाश कर उसके व्यवहार को समझेगी।
संजय श्रीवास्तव, पशु चिकित्साधिकारी