सरदारनगर/चौरीचौरा। एम्स थाना क्षेत्र के सोनबरसा बाजार में फोरलेन फ्लाईओवर पर रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक एंबुलेंस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान ऑक्सीजन सिलिंडर फटने से एक युवक घायल हो गया। करीब एक घंटे तक फोरलेन पर जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के सबया गांव निवासी परिजन मरीज को लेकर घर जा रहे थे। एंबुलेंस में अमित कुमार बीमार मां नीलम चौबे (58) के साथ मौजूद थे। साथ में भाई सुमित भी था। जैसे ही एंबुलेंस सोनबरसा बाजार के फोरलेन फ्लाईओवर पर पहुंची, अचानक उसमें से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में एंबुलेंस में आग लग गई।
एंबुलेंस चालक संतोष कुमार निवासी वाराणसी ने सूझबूझ दिखाते हुए मरीज और परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी बीच एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन सिलिंडर धमाके के साथ फटने से भीड़ में भगदड़ मच गई। विस्फोट की चपेट में आकर भीड़ में मौजूद बेलवा खुर्द निवासी मोनू (28) घायल हो गया।
सूचना मिलते ही सोनबरसा चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझने तक एंबुलेंस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के चलते करीब एक घंटे तक फोरलेन मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को सड़क किनारे कराकर यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि चालक ने समय पर सतर्कता न दिखाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।