बरइपार बड़गो निवासी मुश्ताक अहमद की बीते दिनों गगहा थाना क्षेत्र के ठठौली गांव में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। अब मृतक से जुड़े एक दूसरे मामले में चौकाने वाली बात सामने आई है। मुश्ताक की बेटी ने थानाध्यक्ष पर 50 हजार रुपये लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने एसएसपी से इसकी शिकायत की है।
मंगलवार को मृतक मुश्ताक अहमद की बेटी शहनाज बानो ने एसएसपी से मुलाकात कर गगहा थानाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत की। शहनाज ने आरोप लगाया कि उनके पिता से एक मामले की पैरवी के लिए थानाध्यक्ष ने 50 हजार रुपये लिए थे।
शहनाज के अनुसार, मुश्ताक ने अपने भांजे को पत्नी की दहेज हत्या के मामले में छुड़ाने के लिए थानाध्यक्ष को 50 हजार रुपये दिए थे। इसके बावजूद भांजे को जेल भेज दिया गया। इसके बाद मुश्ताक अपने पैसे वापस लेने के लिए लगातार थाने के चक्कर लगा रहे थे।
उधर, मुश्ताक की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए दो बाल अपचारी समेत पांच आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर दोनों बाल अपचारी को बाल सुधार गृह और अन्य तीन युवकों को जेल भेज दिया गया।