फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: गोरखनाथ मंदिर की बढ़ेगी सुरक्षा, बनेगी पीएसी बैरक- लगेंगे थर्मल कैमरे; बजट जारी

Tue, 01 Apr 2025 12:32 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो

सार

गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए गृह विभाग ने एडिशनल एसपी और डिप्टी एसपी का कार्यालय बनाने, कंट्रोल रूम की स्थापना करने और सीसीटीवी कैमरा सिस्टम को अपग्रेड करने की स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। इसके अलावा मंदिर परिसर में एयरपोर्ट की तर्ज पर छह थर्मल कैमरे भी स्थापित किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
गोरखनाथ मंदिर( फाइल फोटो) - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और चाक-चौबंद होगी। इसके लिए मंदिर परिसर के बाहर दक्षिण की तरफ दशहरी बाग के पास उत्तर प्रदेश प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) की बैरक का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन


इसके अलावा पूरे मंदिर परिसर में एयरपोर्ट की तर्ज पर थर्मल कैमरे लगेंगे। प्रदेश के गृह विभाग ने मंदिर की सुरक्षा प्रबंधों के लिए बजट जारी कर दिया है। पीएसी बैरक में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए आवास के साथ ही बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। बच्चों के लिए खेलने का मैदान और कैंटिन का निर्माण भी कराया जाएगा।

गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए गृह विभाग ने एडिशनल एसपी और डिप्टी एसपी का कार्यालय बनाने, कंट्रोल रूम की स्थापना करने और सीसीटीवी कैमरा सिस्टम को अपग्रेड करने की स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। इसके अलावा मंदिर परिसर में एयरपोर्ट की तर्ज पर छह थर्मल कैमरे भी स्थापित किए जा रहे हैं। इसके लिए गृह विभाग ने करीब 80 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी है।
विज्ञापन


यही नहीं, गोरखनाथ मंदिर में प्रवेश द्वार पर फेस रिकग्निशन कैमरे लगाने की भी तैयारी चल रही है। इससे यहां आने-जाने वाले लोगों के चेहरे स्कैन हो जाएंगे। इधर, गोरखनाथ थाने के ठीक सामने से रसूलपुर दशहरी बाग की तरफ जाने वाली सड़क के पास मंदिर से सटे पुलिस अधिकारियों के लिए कार्यालय और कंट्रोल रूम का ढांचा बनकर तैयार हो गया है। बजट मिलने से इसके निर्माण में और तेजी आ जाएगी।

एसटीएफ को मिलेगी सब लाइट मशीन गन
लखनऊ मुख्यालय से एसटीएफ को 300 सब लाइट मशीन गन खरीदने की मंजूरी भी दे दी गई है। एक मशीन गन की कीमत करीब 74 हजार रुपये है। इसके अलावा बड़ी संख्या में कारतूसों की खरीद के लिए भी धनराशि जारी की गई है।

पूर्व में मंदिर गेट पर हो चुका है हमला, पकड़े गए थे तमंचे और कारतूस
चार अप्रैल 2022 को मंदिर के एक नंबर गेट पर सिविल लाइंस निवासी अहमद मुर्तजा अब्बासी बांके के साथ पहुंच गया था। रोकने पर पीएसी के सिपाही को घायल कर उसका सरकारी असलहा छीनने का प्रयास किया। घायल सिपाही की तहरीर पर केस दर्ज करके जांच एटीएस को सौंपी गई थी। लखनऊ में ट्रायल के बाद एटीएस कोर्ट ने आरोपी को मृत्युदंड की सजा सुनाई थी।

अक्तूबर 2023 को गोरखनाथ मंदिर गेट पर तीन कारतूस के साथ दो युवक पकड़े गए थे। पूछताछ में पता चला कि दोनों झारखंड के रहने वाले हैं। वे गोरखनाथ मंदिर घूमने आए थे, लेकिन उनके पास कारतूस कहां से आए, इसके बारे में वे कुछ नहीं बता सके। आर्म्स एक्ट में उनका चालान किया गया था।

24 जुलाई 2023 को श्रावस्ती के भाजपा नेता की गाड़ी के डैशबोर्ड में 315 बोर का कारतूस मिला था। भाजपा नेता के भाई और चाचा अन्य रिश्तेदारों के साथ गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में सीएम से मिलने आ रहे थे। चेकिंग में कारतूस पकड़ा गया। भाजपा नेता के भाई के खिलाफ आर्म्स एक्ट में कार्रवाई हुई।

15 जुलाई 2023 को गोरखनाथ मंदिर में चेकिंग के दौरान बिहार के व्यापारी के बैग से तमंचा मिला था। उसे आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया गया था। पश्चिम चंपारण (बिहार) का रहने वाला व्यापारी अपने बेटे के साथ मंदिर में दर्शन करने जा रहा था। बेटे ने रेलवे स्टेशन से एक बैग को उठा लिया था। बैग में ही तमंचा था, जिसे वे देख नहीं पाए। चेकिंग के दौरान पकड़े गए थे।

मंदिर परिसर से सटे दक्षिण छोर पर पीएसी बैरक का निर्माण जल्द शुरू होगा। परिसर में थर्मल कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। मंदिर के मुख्य द्वार के पास ही एसपी कार्यालय व कंट्रोल रूम का निर्माण चल रहा है। बहुत जल्द तैयार हो जाएगा: अनुराग सिंह, एडिशनल एसपी, मंदिर सुरक्षा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें