गोरखपुर। दिवाली से पहले धंधेबाजों ने मिलावटी मिठाइयों से बाजार पाट दिया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नियंत्रण के लिए तीन टीमें बनाकर अभियान शुरू किया है। बृहस्पतिवार को नंदानगर इलाके में चार दुकानों पर छापा मारकर वहां से नमूने लिए गए। इसके अलावा वहां दिखे खराब खोवा, लड्डू, बर्फी और रसगुल्ला को नष्ट कराया। दुकानों में गंदगी दिखने पर नोटिस जारी कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह की अगुवाई में मुख्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी और अन्य कर्मचारियों की टीम दोपहर बाद जांच के लिए निकली। टीम ने नंदानगर में शुभम स्वीट से खोवा, पनीर व अन्य मिठाई के नमूने लिए। इसके अलावा शिवम यादव के यहां से पनीर और सड़क पर ठेला लगाकर बेच रहे दुकानदारों के यहां से फालूदा-कुल्फी और आइसक्रीम के नमूने भी लिए।
सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) डॉ सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि त्योहार के समय खाद्य पदार्थों की डिमांड बढ़ जाती है। मिलावटखोर इसी का फायदा उठाते हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जहां पर कमियां पाई जा रही हैं, वहां से नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। गंदगी या अन्य कमियां पाए जाने पर नोटिस भी दिए जा रहे हैं।