गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरसात में टूटी सड़कों की 10 अक्टूबर तक मरम्मत करने का आदेश दिया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने ऐसी सड़कों की सूची तो तैयार कर ली है, लेकिन अभी तक तैयारी पूरी नहीं हो सकी है। टेंडर तक नहीं करा पाए हैं। ऐसे में निर्धारित समय सीमा में सड़क को गड्ढा मुक्त हो पाना आसान नहीं दिखता। पीडब्ल्यूडी के खंड तीन ने हालांकि कुछ सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर करा दिए हैं, लेकिन अन्य अभी प्रक्रिया भी पूरा नहीं कर पाए हैं।
बरसात के चलते शहर से लगायत गांव की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। शहर में हड़हवा फाटक से एल्युमिनियम फैक्टरी रोड की हालत काफी खराब है। पुलिस चौकी के पास सड़क के बीच में पानी के बहाव को लेकर नाली का निर्माण हो रहा है। एक तरफ निर्माण हो गया है, दूसरी तरफ सड़क पर पानी लगने से सड़क पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। उसके आगे सड़क पर बने गड्ढे को पाटने के लिए ईंट का टुकड़ा डाला गया है। इसके चलते लोगाें को काफी परेशानी हो रही है। इसके आगे एल्युमीनियम फैक्टरी से बशारतपुर तक भी जगह-जगह सड़क पर गड्ढे बने हुए है।
यही हाल मोहद्दीपुर से असुरन रोड पर भी है। चार फाटक ओवरब्रिज से आगे सड़क पर गड्ढा बना हुआ है। कौवा बाग रेलवे अंडरपास जाने वाली सड़क टूटी हुई है। बिछिया हनुमान मंदिर की तरफ जाने वाली सड़क भी टूटी हुई है। शहर के बीच में इंदिरा बाल विहार के पास सड़क पर बना गड्ढा अवागमन में बाधा बन गया है। दाउदपुर के रहने वाले विवेक सिंह कहते हैं कि सड़क को गड्ढा मुक्त करने को लेकर मुख्यमंत्री का निर्देश सराहनीय है, लेकिन जिम्मेदार उसपर गंभीरता से अमल करें तब तो वह धरातल पर उतारा जा सकेगा।
शहर के अलावा पांच ब्लॉकों में सड़कों की पैचिंग को टेंडर
बारिश की वजह से क्षतिग्रस्त हुई शहर के अलावा पांच ब्लाकों पिपराइच, जंगल कौड़िया, कैंपियरगंज, चरगांवा और खोराबार की सड़कों की पैंचिंग के लिए टेंडर कुछ दिन पहले निकाला गया था, लेकिन अन्य खंड में टेंडर नहीं हो पाया है। खंड दो में मरम्मत के लिए गांव की 80 किमी सड़क और अन्य प्रमुख सड़क के 32 किमी मरम्मत का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रांतीय खंड की तरफ से अभी प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है।
वर्जन...
बरसात में जर्जर सड़क को चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। निर्धारित समय में उसे गड्ढा मुक्त करने के लिए संबंधित खंड को निर्देशित किया गया है।
राकेश वर्मा, मुख्य अभियंता, पीडब्लूडी